- चार अभ्यर्थियों ने टॉप-50 में बनाई जगह, 15 महिला उम्मीदवार भी शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के रेजिडेंशियल कोचिंग एकेडमी (आरसीए) के विद्यार्थियों ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शानदार प्रदर्शन किया है। घोषित परिणामों में आरसीए के 38 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है, जिनमें 15 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। इस सफलता को जामिया मिल्लिया इस्लामिया के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बीते साल इस एकेडमी से 32 अभ्यर्थी चयनित हुए थे, जिनमें से 12 महिलाएं थी।
खास बात यह है कि रिजल्ट में चार अभ्यर्थियों ने ऑल इंडिया टॉप-50 में जगह बनाते हुए क्रमश: 7वीं, 14वीं, 24 वीं और 29 वीं रैंक हासिल की है। सातवीं रैंक ए.आर रजा मोहिद्दीन ने, 14 वीं रैंक सुरभि यादव, 24वीं रैंक इफरा शम्स अंसारी ने और 29वीं रैंक नाबिया परवेज ने प्राप्त की है। इस तरह से यह छात्र टॉप 30 में शामिल हैं।
जामिया मिल्लिया इस्लामिया के कुलपति प्रो. मजहर आसिफ और रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद महताब आलम रिजवी ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जामिया की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्टता की परंपरा को दर्शाती है। रजिस्ट्रार प्रो. रिजवी ने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों विशेषकर महिलाओं की सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है।