कनाडा के एक पांच सितारा होटल में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर चार नेपाली युवकों से 32.50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने वीजा लगवाने की बात कह पीड़ित युवकों के पासपोर्ट भी अपने पास रख लिए।
रुपये और पासपोर्ट वापस मांगने पर आरोपी ने पीड़ितों को जान से मारने की धमकी देकर झूठे केस में फंसवाने की धमकी दे रहा है। पीड़ितों ने मामले की सूचना दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा से की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वीर बहादुर केशरी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित गिर बहादुर राणा (33) परिवार के साथ नेपाल में रहता है। अपराध शाखा को दी शिकायत में गिर बहादुर ने बताया कि वह करीब 10 माह पूर्व अपने दोस्त से मिलने दिल्ली आया था। इस बीच वह पहाडग़ंज के एक होटल में रुका।
होटल में ही उसकी मुलाकात वीर बहादुर केशरी नामक युवक से हुई। नेपाली भाषा में बातचीत के दौरान आरोपी ने गिर बहादुर को बताया कि वह भी नेपाल का है। दोनों के बीच अच्छी पहचान हो गई। इस बीच दोनों ने एक दूसरे के नंबर ले लिया। आरोपी ने गिर बहादुर से कहा कि कभी कोई काम हो तो उसे बताना।
वह कनाडा में कई लोगों की नौकरी लगवा चुका है। उसके दिल्ली व कनाडा में अच्छे संबंध हैं। गिर बहादुर आरोपी की बातों में आ गया। बातचीत के दौरान आरोपी वीर बहादुर ने पीड़िता को बताया कि वह कनाडा के पांच सितारा होटल में नौकरी लगवा देगा।
इसके लिए वीजा व अन्य खर्चों के लिए उसे एक आदमी के 13 लाख रुपये देने होंगे। गिर बहादुर इसके लिए राजी हो गया। आरोपी के कहने पर गिर बहादुर ने अपने तीन अन्य दोस्तों विश्वो गुरंग, महादेव घारती और टार्जन से नौकरी की बात की।
आरोपी ने चारों से कुल 32.50 लाख रुपये व उनके पासपोर्ट ले लिऐ। बाकी रुपये वीजा लगवाने के बाद देने की बात हुई। रुपये व पासपोर्ट लेने के बाद आरोपी पीड़ितों नजरअंदाज करने लगा। कॉल करने पर कुछ समय की बात करता।
बाद में उसने फोन उठाना बंद कर दिया। गिर बहादुर का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से आरोपी चारों को जान से मारने की धमकी देने लगा है।