पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने एक बड़ी पहल की तरफ कदम बढ़ाया है जिसके तहत करीब 16 हजार सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की जाएगी। सफाई कर्मचारियों के लिए पूर्वी दिल्ली के यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एक बड़े स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जो कि पूरी तरह निशुल्क होगा।
इस स्वास्थ्य शिविर के बारे में पूर्वी दिल्ली के डिप्टी मेयर बिपिन बिहारी सिंह ने बताया कि यह 29 सितंबर से शुरू होगा जिसमें निजी अस्पतालों के लगभग 300 डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी जो सफाई कर्मियों की स्वास्थ्य जांच करेगी। कोई बीमारी पाए जाने पर अस्पताल में उनके इलाज की व्यवस्था भी की जाएगी।
बता दें कि दिल्ली में कूड़ा साफ करने वक्त सफाई कर्मचारी कई तरह की बीमारी की गिरफ्त में आ जाते हैं, लेकिन गरीबी के कारण वो ठीक से अपना इलाज भी नहीं करवा पाते, जिसकी वजह से इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है।