राजधानी के कोविड अस्पतालों में अब मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। पिछले एक महीने में मरीजों की संख्या में लगभग 30 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है, जबकि इससे पहले अस्पतालों में हर रोज मरीजों की संख्या कम हो रही थी।
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक,26 जुलाई को दिल्ली के अलग अलग अस्पतालों में 2856 मरीज भर्ती थे। एक महीने बाद 26 अगस्त को इनकी संख्या बढ़कर 3682 हो गई है। यानी, लगभग 30 फीसदी मरीज अधिक बढ़े हैं।
एक सप्ताह से संक्रमण के मामले अधिक आने और कम लोगों के ठीक होने की वजह से सक्रिय मरीजों की संख्या भी बढ़कर 12520 हो गई है। तीन सप्ताह पहले यह संख्या 10 हजार से भी कम हो गई थी।
अपोलो अस्पताल के डॉक्टर प्रवीण कुमार का कहना है कि सक्रिय मरीजों और जांच के हिसाब से हर रोज बढ़ रही कोरोना की संक्रमण दर चिंता वाली बात है। ऐसे में लोगों को सावधानियां बरतनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ बाजार और अन्य चीजें खुल जाने की वजह से हालत को सामान्य समझने लगे हैं, जबकि अभी भी संक्रमण हर रोज दर्जन भर लोगों से ज्यादा की जान ले रहा है।
रिकवरी दर भी कम हुई
हर रोज नए कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने से कोरोना संक्रमण से ठीक होने वाले मरीजों की रिकवरी दर भी कम हो गई है। कुछ समय पहले यह 91.4 फीसदी तक पहुंच गई थी ,लेकिन अभी 90 रह गयी है।