बुधवार शाम चली धूल भरी आंधी ने विमान सेवा को जबरदस्त तरीके से प्रभावित किया। आंधी इतनी तेज थी कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान संचालन करीब एक घंटा 11 मिनट बाधित रहा। घरेलू व अंतरराष्ट्रीय विमान को अन्य एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया।
शाम 6:39 बजे विमानों की आवाजाही बिल्कुल रोक दी गई। अन्य शहरों से आए विमान को जयपुर, लखनऊ समेत अन्य एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। यह स्थिति रात 7:50 बजे तक रही। इस दौरान किसी भी विमान का संचालन नहीं हो सका। कई विमान उड़ान भी नहीं भर सके। एक घंटे से अधिक विमानों की आवाजाही ठप होने के कारण कई विमान देरी से संचालित हुए। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
आंधी थमने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट से विमानों की लैंडिंग और टेक ऑफ दोबारा शुरू कर दिया गया। अधिकारिक जानकारी के अनुसार, कुल 27 विमानों को अन्य एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट किया गया। उधर, वायु चक्रवात के कारण पश्चिमी रेलवे जोन की 15 ट्रेन निरस्त की गईं, जबकि 16 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही निरस्त कर दिया गया।