गुरुग्राम जिले के 10 केंद्रों में रविवार को राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना (एनएमएमएसएस) की परीक्षा हुई। गुरुग्राम में एनएमएमएसएस परीक्षा के लिए 2911 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन ने बताया कि रविवार को 2578 विद्यार्थी उपस्थित और 333 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। जिले में 88.56 फीसदी विद्यार्थियों ने एनएमएमएसएस परीक्षा दी।
रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक एनएमएमएसएस परीक्षा आयोजित हुई। जिले के सभी 10 केंदों में शांतिपूर्वक परीक्षा आयोजित हुई। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम (एससीईआरटी) की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के लिए राष्ट्रीय साधन सह योग्यता छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्रवृत्ति दी जाती है।
वर्तमान सत्र में आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले जो विद्यार्थी एनएमएमएसएस की परीक्षा उत्तीर्ण करेंगे, उनको नौवीं से 12वीं कक्षा तक (चार साल तक) प्रति माह एक-एक हजार रुपये मिलेंगे। एनएमएमएसएस परीक्षा के लिए राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सेक्टर-4/7 से प्रश्नपत्रों के पैकेट वितरित किए गए और परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाएं इसी केंद्र में जमा कराई गई।
दो भागों में आयोजित हुई परीक्षा
एनएमएमएसएस की लिखित परीक्षा दो भागों में आयोजित हुई। पहला भाग मानसिक योग्यता परीक्षण का रहा। इसमें एक-एक अंक के 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। दूसरा भाग बौद्धि योग्यता परीक्षण का रहा। इसमें भी एक-एक अंक के 90 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। इस भाग में 35 प्रश्न विज्ञान, 20 गणित और 35 सामाजिक विज्ञान विषय संबंधित रहे। 90-90 मिनट की इन दोनों परीक्षाओं में सभी प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य रहा।
10 परीक्षा केंद्रों में उपस्थित विद्यार्थी
जिला गणित विशेषज्ञ बलवान सिंह ने बताया कि आर्य विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-7 में 312 में से 293 विद्यार्थी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जैकबपुरा में 302 में से 269 विद्यार्थी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल अर्जुननगर में 287 में से 254 विद्यार्थी उपस्थित रहे। जांगिड ब्राह्मण हाई स्कूल में 310 में से 268 विद्यार्थी, बी-1 जीवन ज्योति सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 में 288 में से 246 विद्यार्थी व माडूमल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 303 में से 260 विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल खांडसा रोड में 310 में से 285 विद्यार्थी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल झाड़सा-2 में 286 में से 250 विद्यार्थी, एसडी मॉडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल गीता भवन में 313 में से 274 विद्यार्थी और बी-2 जीवन ज्योति सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल सेक्टर-4 में 200 में से 179 विद्यार्थी उपस्थित रहे।