संवाद न्यूज एजेंसी
बादशाहपुर। बारिश ने एक बार फिर बुनियादी ढांचे की पोल खोलकर रख दी है। सेक्टर 69 और 70 को जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क, विशेष रूप से ट्यूलिप सोसाइटियों के सामने बारिश के पानी से पूरी तरह जलमग्न हो चुकी है। सड़कों पर लबालब पानी भरने के कारण इलाके में स्थिति दयनीय है।
इस गंभीर समस्या को लेकर सेक्टर 70 स्थित ट्यूलिप आइवरी के निवासी हेमंत चंदर ने पार्षद और नगर निगम को पत्र लिखकर गुहार लगाई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस 24 मीटर चौड़ी सड़क की दयनीय स्थिति पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से अपील की है कि वे पानी की त्वरित निकासी के लिए पंप लगवाएं और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त कर इसका कोई ठोस एवं स्थायी समाधान निकालें।