कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेला के दौरान 24 घंटे एनएच-24 जाम की गिरफ्त में रहा। दिल्ली गाजियाबाद से लखनऊ बरेली की ओर जाने वाली गाड़ियां इसमें फंसी रहीं।
मंगलवार शाम चार बजे से लगा जाम बुधवार सुबह पांच बजे तक रहा। हालांकि सुबह जाम खुलने के बाद भी दिन भर वाहन रेंगते रहे। बुधवार शाम छह बजे से रात 10 बजे तक फिर जाम की स्थिति बन गई।
पूर्णिमा के मुख्य गंगा स्नान पर लाखों श्रद्धालुओं के आने और दीपदान कर लौटने के कारण मंगलवार रात एनएच-24 समेत सभी मार्गों पर भीषण जाम लग गया था।
खादर मेले से श्रद्धालुओं की वापसी का क्रम देर रात शुरू गया। हाईवे पर मंगलवार शाम चार बजे लगा जाम रात 10 बजे के करीब खुल पाया था। हालांकि इसके बाद भी वाहन हाईवे पर रेंगते रहे।
श्रद्धालुओं को ब्रजघाट के शहरी मेले तक पहुंचने के लिए अपने वाहन स्याना चौपला के आसपास खड़े कर करीब छह किमी की पदयात्रा करनी पड़ी।
मेरठ और बुलंदशहर रोड पर कई मील दूरी तक भैंसा-बुग्गी, ट्रैक्टर-ट्रॉली, टेंपो, कार, बस, बाइक जैसे वाहनों की लाइन लगी रही। मंढैया किशन सिंह, चक लठीरा, नयागांव, अब्दुल्लापुर, शाहपुर रोड सहित सभी मार्गों पर भीषण जाम लगा रहा।