कहा-स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए 4000 से अधिक नए पद स्वीकृत
1200 नर्सों और 954 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति, 415 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ाने और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पीजी की सीटों का विस्तार किया जाएगा। एमबीबीएस की सीटें 595 से बढ़ाकर 820 और पीजी की सीटें 553 से बढ़ाकर 762 की जाएंगी। इस तरह मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 225 और पीजी की 209 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में 4000 से अधिक नए पद स्वीकृत किए गए हैं। 1200 से अधिक नर्सों और 954 सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की नियुक्ति भी की गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को संत परमानंद अस्पताल में नवनिर्मित अत्याधुनिक आईवीएफ सेंटर के उद्घाटन के दौरान ये जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को बेहतर मेडिकल हब बनाने के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र की भागीदारी जरूरी है। सरकार का जोर अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं बढ़ाने के साथ बीमारी की रोकथाम और लोगों को घर के आसपास प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी है।इसी दिशा में दिल्ली में 415 आयुष्मान आरोग्य मंदिर और 29 जन औषधि केंद्र शुरू किए गए हैं।
सीएम ने कहा, आयुष्मान भारत योजना के तहत केंद्र सरकार के पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य कवर में दिल्ली सरकार ने पांच लाख रुपये अतिरिक्त जोड़कर इसे 10 लाख रुपये कर दिया है। अब तक 8.94 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं, 70 वर्ष से अधिक उम्र के 3.09 लाख से ज्यादा बुजुर्ग आयुष्मान वय वंदना योजना से जुड़े हैं। विधवा और दिव्यांग पेंशन के 5.28 लाख से अधिक लाभार्थियों और उनके परिवारों को भी योजना में शामिल किया गया है।
पांच अस्पतालों के विस्तार की परियोजनाएं शुरू
मुख्यमंत्री ने बताया कि पांच अस्पतालों के विस्तार के लिए 503.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई हैं। जीबी पंत अस्पताल में आधुनिक उपकरण और न्यूरो आईसीयू की सुविधाएं विकसित की गई हैं। 16 सरकारी अस्पतालों में 300 डायलिसिस मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, द्वारका स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल में 805.99 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज विकसित किया जा रहा है।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार
दिल्ली में एक करोड़ से अधिक आभा आईडी बनाई जा चुकी हैं और 38 सरकारी अस्पतालों में डिजिटल हेल्थ मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया गया है। नवजात शिशुओं की 56 तरह की मुफ्त जांच, 10 हजार मुफ्त कैंसर स्क्रीनिंग और 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए मुफ्त एचपीवी टीकाकरण की सुविधा भी दी जा रही है। संत परमानंद अस्पताल के नए आईवीएफ सेंटर में आईवीएफ और आईसीएसआई जैसी आधुनिक तकनीकों से बांझपन का उपचार किया जाएगा। यहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और एम्ब्रायोलॉजिस्ट की टीम जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराएगी।