फिल्म अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को आर्थिक अपराध शाखा ने सोमवार को तफ्तीश में जुड़ने का नोटिस भेजा था। जिसके अनुसार जैकलीन को सुबह 11 बजे पहुंचना था। लेकिन वह अपने वकील के साथ 2.20 में शाखा कार्यालय पहुंची। शाखा ने जैकलीन की डिजाइनर लीपाक्षी को भी सोमवार को पूछताछ के लिए बुलाया था। दोनों से आमने सामने बैठाकर पूछताछ करनी थी। पुलिस सूत्रों ने कहा कि डिजाइनर लीपाक्षी स्वास्थ्य कारणों से शाखा में सामने पेश नहीं हो सकीं। लीपाक्षी की मदद से ही सुकेश ने जैकलीन को कीमती डिजाइनर कपड़े तोहफे में दिए थे।
इसके अलावा जैकलीन से प्राइवेट जेट में यात्रा करने को लेकर पूछताछ की गई। सूत्रों का कहना है कि सुकेश ने जैकलीन को प्राइवेट जेट के लिए पैसे दिए थे। सुकेश ने जैकलीन से उसके रिश्तेदार की मौत होने की बात कहकर चेन्नई बुलाया था। जिसके लिए प्राइवेट जेट का इंतजाम सुकेश ने किया था। जैकलीन से पूछताछ के दौरान शाखा के कई अधिकारी मौजूद थे।
सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के दौरान जैकलीन असहज लग रही थी। सुकेश चंद्रशेखर वर्तमान में दिल्ली के मंडोली जेल में बंद है। वह 10 से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी है। वह कथित तौर पर उगाही का रैकेट चला रहा था। उसने रोहिणी जेल में बंद होने के दौरान उसने रैनबैक्सी के पूर्व मालिक शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति से पति को छुड़ाने के बहाने 200 करोड़ रुपये की उगाही की थी।
पहली बार भी 8 घंटे तक हुई थी पूछताछ
इससे पहले बुधवार को शाखा ने जैकलीन से करीब आठ घंटे पूछताछ की थी। जिसमें सुकेश से मिले गिफ्ट और अन्य मुद्दों पर पूछताछ की गई थी। इस दौरान जैकलीन का सुकेश की मुलाकात करवाने वाली पिंकी ईरानी से भी आमना-सामना करवाया गया था। इससे पहले पिंकी ईरानी और जैकलीन के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए थे।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान जैकलीन कुछ सवालों का जवाब नहीं दिया था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पिंकी से आमने सामने की पूछताछ में कहासुनी हो गई थी। जैकलीन ने पूछताछ में बताया था कि उसके एक जानकार ने साल 2013 में सुकेश के खिलाफ छपी एक खबर दिखाई थी। जिसमें सुकेश के ठगी के मामले का जिक्र था।
अभिनेत्री ने बताया कि उसने सुकेश से दूरी बना ली थी। लेकिन पिंकी ने बताया कि सुकेश अच्छा इंसान है और खबर झूठी है। पिंकी ने उसे सुकेश से मिलने के लिए कहा था। जैकलीन ने बताया कि पिंकी को सुकेश के बारे में जानकारी थी लेकिन उसने उसे गुमराह किया। साथ ही उसके मैनेजर प्रशांत से भी आमना सामना करवाया गया था। जिसे सुकेश ने लाखों की बाइक डुकाटी गिफ्ट के तौर पर दी थी।