गुड़गांव में बेघर, गरीब, अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति झुग्गी झोपड़ी विकास मंच के आह्वान पर दो हजार से अधिक लोगों ने बुधवार को आशियानों की मांग को लेकर सेक्टर-14 स्थित हुडा कार्यालय पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर 20 दिन के भीतर आवंटन की प्रक्रिया शुरू नहीं होती तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इस मौके पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता खजान सिंह ने कहा कि सेक्टर-47 में गरीबों के लिए फ्लैट्स बनाए गए थे। इनमें 1160 फ्लैट्स दो साल से बनकर तैयार हैं, लेकिन अभी तक इनका आवंटन नहीं हो पाया है।
हुडा और जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण शहर को स्लम फ्री बनाने का उद्देश्य पूरा नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर 20 दिन में गरीबों को फ्लैट्स का आवंटन नहीं किया जाता तो आमरण अनशन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने हुडा प्रशासक पीसी मीणा को राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी लीगल एवं मानवाधिकार विभाग के चेयरमैन कृष्णबीर सिंह चौहान, कमल पहलवान, रमेश वर्मा, थान सिंह पहलवान, जयसिंह हुड्डा ने भी प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया।