प्रदूषण और बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने राजधानी में 7 से 30 नवंबर तक किसी भी तरह के पटाखे बेचने, खरीदने और जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार के आदेश के बाद दिल्ली पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने पटाखे बेचने और जलाने के मामले में अब कुल 20 एफआईआर दर्ज कर कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें 12 मामले पटाखे बेचने के दर्ज किए गए हैं। वहीं पटाखे जलाने के आठ मामले दर्ज किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर अब तक कुल 792.22 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। कई जगह छापेमारी कर 12 जगहों पर दुकानदार पटाखे बेचते हुए मिले। जिन पटाखा कारोबारियों को लाइसेंस दिए गए थे, उनके लाइसेंस को पहले ही रद्द कर दिया गया था।
पटाखे बेचने के आरोप में पुलिस ने उतर-पूर्वी, बाहरी-उतरी दिल्ली में 2-2, दक्षिण-पूर्व, रोहिणी, बाहरी जिला, द्वारका और उतरी दिल्ली में 1-1, पश्चिम दिल्ली में 3 मामले दर्ज कर 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं पटाखे जलाने के आठ मामले दर्ज कर एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पटाखा बेचने, जलाने व खरीदने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।