गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डॉ. महेश शर्मा के होने से पार्टी ने पांच विधानसभा क्षेत्र में किसी भी ब्राह्मण को टिकट नहीं दिया। क्षेत्रीय जातियों का संतुलन बनाते हुए टिकट का बंटवारा किया गया था।
भाजपा ने पांचों विधानसभा की सीटें जीतीं। अब योगी आदित्य नाथ को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा हो चुकी है। अब लोकसभा क्षेत्र से दो विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल कराने का प्रयास शुरू हो गया है।
माना जा रहा है कि एक गुर्जर जाति व दूसरा ठाकुर जाति से विधायक प्रदेश की नई सरकार में मंत्री बन सकते हैं। दरअसल, गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र में पांच विधान सभाएं हैं।
चुनाव में नोएडा से पंकज सिंह, दादरी से तेजपाल नागर, जेवर से धीरेंद्र सिंह, सिकंदराबाद से विमला सोलंकी व खुर्जा से बिजेंद्र खटीक चुनाव जीत चुके हैं। सीएम के नाम की घोषणा होते ही अब मंत्री कौन बनेगा, इसके प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गुर्जर विधायक तेजपाल नागर
दादरी विधानसभा गुर्जर बहुल है और इसे गुर्जरों की राजधानी भी कहा जाता है। किसी भी पार्टी का विधायक बना हो, वह गुर्जर ही रहा है। नोएडा, जेवर, खुर्जा और सिकंदराबाद में भी गुर्जरों की संख्या ठीकठाक है। इस बार के विधानसभा चुनाव में लोकसभा क्षेत्र से सिर्फ दादरी से ही गुर्जर प्रत्याशी के रूप में तेजपाल नागर को टिकट मिला था और वह जीत भी गए। अगर जातिगत के आधार पर मंत्री बनने की बात आई तो तेजपाल नागर प्रदेश में मंत्री बन सकते हैं।