पुलिस की एक जांच एजेंसी में तैनात महिला सिपाही ने गाजियाबाद जिले के एक सीओ और उसके हमराह पर अपने प्राइवेट आवास में बंधक बनाने और रात में रेप की कोशिश का आरोप लगाया।
पीड़ित महिला ने इसकी शिकायत सोमवार को डीएम से की थी। आरोप था कि शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय कोतवाली पुलिस ने उलटे आरोपी सिपाही की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर उसे और उसकी पड़ोसन को जेल भिजवा दिया था।
मामले में देर रात करीब डेढ़ बजे सीओ मोदीनगर जगतराम जोशी और एसएचओ दीपक शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया। इनकी जगह अनिल यादव को सीओ मोदीनगर और अवनीश गौतम को एसएचओ मोदीनगर बनाया गया है। मामले की जांच एसपी क्राइम रामअभिलाष त्रिपाठी करेंगे।
पीड़िता के पति से पुलिस करती थी अवैध वसूली
पीड़ित महिला के मुताबिक उसके पति ट्रैवल एजेंसी चलाते हैं। गोविंदपुरी चौकी पुलिस उसके पति से अवैध उगाही की डिमांड कर रही थी। उगाही देने से मना करने पर पुलिस ने उसके पति के विरुद्ध कई बार कानूनी कार्रवाई की।
इसकी शिकायत लेकर वह तीन अगस्त को पति और पड़ोसन के साथ गाजियाबाद जनपद के एक सीओ के प्राइवेट कमरे पर पति और पड़ोसन के साथ पहुंची और पुलिस की शिकायत की।
आरोप है कि यह जानते हुए भी कि वह कास्टेबल हैं, उसके साथ गाली गलौज की और पति को मौके से भगाते हुए पड़ोसन महिला और उसे अलग-अलग कमरे में बंधक बना दिया।
सीओ और हमराह ने मिलकर की रेप की कोशिश
आरोप है कि रात में सीओ और सीओ के हमराह ने उसके साथ रेप की कोशिश की। शोर मचाने पर पड़ोस के कमरे में रहने वाले लोग जाग गए, जिससे उसकी इज्जत बच गई।
चार अगस्त को उसने बंधन मुक्त होकर कोतवाली में शिकायत की। मगर पुलिस ने सीओ के हमराह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर उलटे उसे और पड़ोसन को जेल भेज दिया।
वहीं गाजियाबाद के एसएसपी का कहना है कि जिन दो पुलिसवालों पर रेप की कोशिश का आरोप लगा है उसमें जांच कुछ और ही कह रही है। जांच के अनुसार महिला का आरोप सरासर गलत है।
एसएसपी धर्मेद्र सिंह ने बताया है कि बुधवार को वो सभी जरूरी कागजात सबूत देंगे। उन्होंने बताया कि महिला सिपाही का पति हिस्ट्रीशीटर है जिसके खिलाफ आरोपी पुलिसवालों ने कार्रवाई की थी।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल में जो बात निकलकर आई है वो महिला के दावे से बिल्कुल अलग है। सबूतों के अनुसार जिस समय ये घटना हुई उस वक्त महिला अपने घर पर थी और आरोपी उससे 5 किमी दूर थे। इस बात की पुष्टि महिला के पड़ोसियों ने भी की है।