अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया में डिजाइन डिग्री शो का आयोजन किया गया। इसमें 19 नवाचार वाले प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए। जामिया के वास्तुकला और एकिस्टिक्स संकाय के डिजाइन एवं इनोवेशन विभाग की ओर से शो का आयोजन किया गया। इसका उद्घाटन जामिया रजिस्ट्रार प्रो. मो. महताब आलम रिजवी ने किया। उन्होंने कहा कि डिजाइन समाज, संस्कृति और तकनीक को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वास्तुकला और एकिस्टिक्स संकाय के डीन एवं विभागाध्यक्ष प्रो. कमर इरशाद ने कहा कि विभाग छात्रों की कल्पनाशीलता को सामाजिक रूप से उपयोगी डिजाइन समाधानों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। इस शो में औद्योगिक एवं उत्पाद डिजाइन, बिजली-मुक्त हाइब्रिड सिरेमिक खाद्य संरक्षण प्रणाली, मशीन लर्निंग आधारित नवजात शिशु देखभाल उपकरण, भारत के रेशम उत्पादन समुदाय के लिए बहुभाषी डिजिटल प्लेटफॉर्म, बिना एसी वाले रेलवे कोचों के लिए कूलिंग सिस्टम और जामिया नगर के लिए ई-रिक्शा मोबिलिटी फ्रेमवर्क जैसे नवाचारी मॉडल प्रदर्शित किए गए।