फिरोजपुर झिरका में चांदड़ाका पुलिस ने रविवार को घटवासन गांव के एक गौतस्कर के घर से 181 गाय की खाल बरामद की है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गौतस्कर दीनू के घर पर दबिश दी। इस दौरान मौके से सभी तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ हरियाणा गोसंरक्षण एवं संवर्धन धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आगे की कार्रवाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, चांदड़ाका पुलिस चौकी इंचार्ज किशन सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि घटवासन गांव का रहने वाला दीनू गोतस्करी में लिप्त है। वह गाय की खालों की तस्करी करता है। मुखबिर की सूचना पर किशन सिंह एएसआई ने अपने साथ हवलदार गजेंद्र सिंह, हवलदार महावीर, हवलदार प्रमोद एवं तारीक को साथ लेकर घटवासन गांव में दीनू के घर पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर दीनू और उसके सभी साथी वहां से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने दीनू के घर से 181 गाय की खाल बरामद की है। पुलिस ने दीनू, रफीक, फत्तू, इकबाल इसराइल, सलीम, फकरु, इसराइल के खिलाफ हरियाणा गोसंरक्षण एवं संवर्धन धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गोहत्यारों का सरगना है दीनू
चांदड़ाका पुलिस चौकी इंचार्ज किशन सिंह ने बताया कि घटवासन का दीनू पिछले काफी वर्षों से गोहत्या एवं गाय की खालों की तस्करी में लिप्त है। उन्होंने बताया कि दीनू गोहत्यारों का सरगना है। क्षेत्र के काफी गोतस्करों एवं गोहत्यारों को उसकाू संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उसकी गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
दीनू के खिलाफ पहले से दर्ज हैं गोहत्या के कई मामले
एएसआई किशन सिंह ने बताया कि दीनू के खिलाफ पहले भी पुन्हाना पुलिस थाने में गोहत्या के कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि दीनू सहित सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।