दिल्ली विधानसभा नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली सरकार से सीवर सफाई कर्मचारियों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण देने की मांग की है। उन्होंने टैंक व सीवर की सफाई पूरी तरह मशीन से कराए जाने की भी मांग की। गुप्ता ने कहा है कि वसंत कुंज जैसी घटनाएं मन को विचलित करती हैं।
इस तरह की घटनाएं सफाई कर्मचारियों के प्रति लापरवाही और असंवेदनशीलता का एक ज्वलंत उदहारण है। दिल्ली की सीवर व्यवस्था व बड़े-बड़े नालों की सफाई के दौरान भी इस तरह की घटनाएं सामने आतीं है, अफसोस है कि दिल्ली सरकार फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाती है।
सीवरों की सफाई के दौरान हुई चार मौत पर संवेदना प्रकट करते हुए उन्होंने न्यायिक जांच की मांग की है। गुप्ता ने मृतकों के एक परिजन को नौकरी एक सप्ताह के अंदर दिए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीवरों की सफाई में दुर्घटना वश सफाई कर्मचारियों की जहरीली गैस से देहांत होना अक्सर खबरों में रहता है पर सरकार इस बारे में केवल औपचारिक बयान देकर चुप बैठ जाती है।