दिल्ली जिला पुलिस ने संसद भवन से कुछ दूरी पर स्थित फाइव स्टार होटल में जुआ खेलते हुए 18 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। ज्यादातर आरोपी पेशे से व्यवसायी हैं और ट्रांस यमुना के रहने वाले हैं। पुलिस ने होटल के कमरे से दो लाख 16 हजार रुपये बरामद किए हैं।
नई दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त एसबीएस त्यागी के अनुसार, पार्लियामेंट थानाध्यक्ष अजय कुमार सिंह को रविवार रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली थी कि ली-मेरेडियन होटल के कमरा नंबर 620 और 622 में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। पुलिस की टीम ने दबिश दी तो व्यवसायी जुआ खेलते मिले। पुलिस ने 18 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान अमित यादव, पवन पंडित, इकरामुद्दीन, जितेंद्र, कृष्णा कुमार, राघव भारद्वाज, विवेक त्यागी, मुकेश कुमार, श्रीचंद, सुनील कुमार, ज्ञानेंद्र कुमार, महराजुद्दीन, नवीन, कैलाश कुमार शर्मा, सुदर्शन, सुनील गुप्ता, अशोक और धर्मेंद्र के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार रविवार को सुदर्शन की बेटी का जन्मदिन था। इन लोगों ने पहले जन्मदिन पार्टी मनाई और जमकर शराब पी। इसके बाद ये जुआ खेलने लगे। पुलिस अनुसार आरोपी पहली बार होटल में जुआ खेलने आए थे।
लाइसेसिंग ब्रांच को लिखेंगे
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में होटल प्रशासन की भूमिका की जांच की जा रही है। नई दिल्ली जिला पुलिस होटल प्रशासन के खिलाफ लाइसेंसिंग ब्रांच और एनडीएमसी को लिखेगी और होटल के लाइसेंस की जांच करने के लिए कहेगी। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जुआ खेलने की जानकारी होटल प्रशासन को थी या नहीं। इसके अलावा दो कमरों के सूइट में इतने ज्यादा लोग कैसे ठहरे हुए थे।