चार साइट से 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
- फोटो : amar ujala
एसडीएम दादरी ने एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करने वाली दो बिल्डर साइट सहित चार संस्थानों पर छापा मारकर कार्रवाई की। चारों साइट से 18 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनमें कर्मचारी और मजदूर शामिल हैं। इन सभी साइट पर नियमों का उल्लंघन करते हुए धूल उड़ाई जा रही थी।
जिला मजिस्ट्रेट बीएन सिंह के निर्देश पर शनिवार को उप जिलाधिकारी दादरी अंजनी कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी बिसरख पीयूष कुमार सिंह, प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारी एके तिवारी, उत्सव शर्मा और पुलिस कोतवाल बिसरख ने एनजीटी के नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जिन निर्माण साइट पर एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करते हुए धूल उड़ाई जा रही थी, वहां से 18 व्यक्तियों को धारा-151 के तहत गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया है।
सेक्टर-4 में गैलेक्सी बिल्डर, टाउन सेंट्रल पीकेएस ग्रुप (सेक्टर-16ई), ईकोटेक-12 में पेट्रोल पंप की निर्माण साइट तथा सेक्टर-2 स्थित पतवाड़ी में ग्राइंडिंग-क्रैशिंग यूनिट पर निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ाई जा रही थी और एनजीटी के नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
एसडीएम ने बताया कि जिलेभर में एनजीटी के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार आगे भी कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।