बिजली गुल होने से गुस्साए टीएचए की सात कालोनियों के लोगों का पारा चढ़ गया। 16 घंटे से बिजली गुल रहने से गुस्साईं महिलाओं और पुरुषों ने बृहस्पतिवार रात 8 बजे विक्रम एंक्लेव सब-स्टेशन पर धावा बोल दिया। लोगों का गुस्सा देखकर बिजलीघर पर मौजूद अफसरों को पुलिस बुलानी पड़ी।
इस सब-स्टेशन से विक्रम एंक्लेव, शालीमार गार्डन हाउसिंग कांप्लेक्स, पप्पू कालोनी, शहीद नगर, जवाहर पार्क, तुलसी निकेतन, डीएलएफ कालोनी को आपूर्ति की जाती है। सुबह चार बजे आई फाल्ट देर रात तक दुरुश्त नहीं की जा सकी।
दिनभर लोग गर्मी से जूझते रहे और शाम को कालोनियांे में अंधेरा छा गया। कटौती पर कारपोरेशन अफसरों से जवाब नहीं मिलने पर रात आठ बजे सातों कालोनियों के लोग सब-स्टेशन पर पहुंच गये।
शालीमार हाउसिंग कांप्लेक्स आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सरोज शर्मा ने बताया कि पिछले 10 दिनों से रोज ही 12 से 14 घंटे की कटौती की जा रही है लेकिन बृहस्पतिवार को पूरे दिन बिजली नहीं थी।
हंगामे पर पार्षद सरदार सिंह भाटी और पूर्व पार्षद विनय चौधरी ने लोगों को शांत कराया गया। इस दौरान जितेंद्र कासाना, कालीचरण पहलवान, रवि भाटी नीरज, विद्या, ऊषा, प्रवीण, शांति आदि मौजूद रहे।
अधीक्षण अभियंता एमसी शर्मा ने बताया कि फाल्ट दुरुश्त कराकर आपूर्ति सुचारू करायी जाएगी। ट्रांसमिशन एसई एसबी यादव ने बताया कि प्रताप विहार में 132 केवीए का पावर हाउस बनेगा। इसके लिए एसडीओ द्वितीय ऑफिस को हटाया जाएगा।
प्रतापविहार वाले भी भड़के
बिजली न मिलने से लोगों का गुस्सा भड़क रहा है। प्रताप विहार में बृहस्पतिवार रात लगातार दूसरे दिन रात में बिजली गायब रहने से नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया।
रात में दो बजे से सुबह चार बजे तक बिजलीघर का घेराव करने के साथ ही तोड़फोड़ की। विद्युत कर्मचारियों का आरोप है कि कुछ युवक नशे में थे।
उन्होंने अभद्रता करने के साथ ही पावर स्टेशन में आग लगाने की कोशिश भी की। रोस्टिंग खत्म होने के बाद सभी कालोनियों में सप्लाई सामान्य होने के बाद ही लोग शांत हुए।