दिल्ली के चुनाव में इस बार 100 वर्ष से ज्यादा आयु के 150 मतदाता 8 फरवरी को मतदान करेंगे। दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय (सीईओ) ने इनके लिए विशेष इंतजाम किए हैं।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने कहा कि ऐसे मतदाताओं को वही सभी सुविधाएं दी जाएंगी, जो उन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान मिली थी। मतदान केंद्र पर फूलों का गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया जाएगा और चुनाव कर्मी उनके साथ सेल्फी लेंगे।
2019 के चुनाव में दिल्ली के सबसे बुजुर्ग मतदाता बच्चन सिंह (111) का पिछले साल दिसंबर में निधन हो गया। वह दिल्ली के तिलक नगर इलाके में रहते थे। निर्वाचन क्षेत्र में मतदान केंद्र के पास रहने वाले 100 वर्ष या इससे अधिक उम्र के प्रत्येक मतदाता के घर पर एक वरिष्ठ अधिकारी जाएंगे और उन्हें मतदान केंद्र जाएंगे। अगर उनका स्वास्थ्य ठीक होगा और वे बिस्तर पर नहीं होंगे तो अधिकारी उन्हें मतदान के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
ई-रिक्शा की बुकिंग की तीसरी बार बढ़ी तारीख
80 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाताओं के लिए चुनाव कार्यालय ई-रिक्शा का इंतजाम कर रहा है। इसकी बुकिंग के लिए दिल्ली सीईओ तीसरी बार अंतिम तारीख बढ़ा चुका है। अब 5 फरवरी की शाम तक ऑनलाइन बुकिंग कराई जा सकेगी। ई-रिक्शा की बुकिंग के बाद मतदान के दिन बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाया जाएगा।