सीएनजी पंप पर लगने वाली कतार से शहरवासियों को जल्द ही निजात
मिलेगी। जिले में 14 पेट्रोल पंप पर सीएनजी यूनिट लगाई जाएंगी।
शनिवार को
कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी एनपी सिंह के साथ इंडियन ऑयल, भारत
पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ बैठक में यह
फैसला लिया गया।
31 मार्च तक सभी यूनिट शुरू कर दी जाएंगी। फिलहाल,
जिले में 19 पंप पर लोगों को सीएनजी उपलब्ध हो रही है। इसमें से 12 सीएनजी
पंप इंडियन ऑयल के हैं।
बाकी सीएनजी पंप उनके डीलर चला रहे हैं। जिले के
करीब 40 से 45 हजार वाहनों में प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख किलोग्राम सीएनजी
फ्यूलिंग की जाती है।
हालांकि, यह अपनी
क्षमता का चालीस फीसदी ही फ्यूलिंग कर पाते हैं। बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर
सुप्रीम कोर्ट कड़े रुख के चलते भारत सरकार की ओर से वर्तमान
में चल रहे पेट्रोल पंप पर सीएनजी यूनिट लगाने के आदेश हैं।
प्रदूषण कम करने की मुहिम में जिलाधिकारी ने कंपनियों के अधिकारियों के साथ
बैठक में निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत इंडियन ऑयल के 10 पेट्रोल
पंप पर अतिरिक्त सीएनजी यूनिट लगाई जाएंगी।
इसमें से
चार पंप कंपनी के हैं और छह उनके डीलर के होंगे। वहीं, दो
एचपी कंपनी के डीलर और दो भारत पेट्रोलियम कंपनी के डीलर
पेट्रोल पंप पर यूनिट लगाई जाएंगी।
जिले
में करीब 65 पेट्रोल पंप मौजूद हैं। इन 14 पेट्रोल पंप पर सीएनजी यूनिट
लगने से करीब 25 हजार किलोग्राम सीएनजी भरवाई जा सकेगी जिससे करीब पांच से
छह हजार वाहनों को फायदा मिलेगा।
वहीं, बैठक में तय हुआ जिन क्षेत्रों में
दो सीएनजी पंप के बीच अधिक दूरी है। उन क्षेत्रों में पड़ने वाले पेट्रोल
पंप पर सीएनजी यूनिट लगाने की कवायद की जा रही है।
इनमें से छह नोएडा, तीन
ग्रेटर नोएडा, तीन दादरी, एक जेवर और एक दनकौर क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर
सीएनजी यूनिट लगाई जाएगी। खास बात यह है कि आईजीएल की ओर से ही यह सभी
यूनिट संचालित की जाएंगी।