आयकर विभाग की टीम बुधवार की रात नीलम-बाटा रोड स्थित शुभम टावर में एक बिल्डर कंपनी के कार्यालय पर सर्वे करने पहुंची। टीम के सदस्यों ने करीब चौदह घंटे तक दफ्तर में रखे दस्तावेज खंगाले।
इस दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए एनआईटी थाने का पुलिस बल तैनात रहा। शुभम टावर स्थित बिल्डर कंपनी आयकर विभाग गुड़गांव में पंजीकृत है।
बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे आयकर विभाग की टीम कंपनी के कार्यालय पहुंची। टीम के सदस्यों ने दफ्तर में दस्तावेज खंगालने शुरू कर दिए। दफ्तर में मौजूद स्टाफ ने स्थानीय प्रबंधक और कंपनी के चार पार्टनर में से एक को फोन पर टीम के आने की सूचना दी। थोड़ी देर में प्रबंधक भी कार्यालय में पहुंच गए।
टीम के सदस्यों ने पिछले एक साल में दफ्तर से किए गए लेनदेन, आय-व्यय और फरीदाबाद में शुरू होने वाले प्रोजेक्ट की जमीन संबंधी कागजात, एग्रीमेंट आदि कागजात तलब किए।
इस दौरान दफ्तर के अंदर मौजूद कर्मचारी को बाहर जाने पर पाबंदी लगा दी गई। टीम ने दफ्तर की हर डेस्क और अलमारी में रखे दस्तावेज को खंगाला और प्रबंधक व अन्य स्टाफ से सवाल जवाब भी किए।
बुधवार रात करीब नौ बजे से कार्यालय में घुसी आयकर विभाग की टीम बृहस्पतिवार को ग्यारह बजे के करीब बाहर निकली। टीम के सदस्य कुछ कागजात और फाइल भी जांच के लिए अपने साथ ले गए।
एसएचओ एनआईटी ने बताया कि आयकर विभाग की टीम ने शुभम टावर स्थित एक बिल्डर कंपनी के दफ्तर में जांच के लिए पहुंची थी। टीम की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।