दिल्ली की जनता कांग्रेस को वोट देकर भाजपा और आप का अभिमान तोड़ेगी : यादव
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने एमसीडी उपचुनाव को जनता के लिए भाजपा और आम आदमी पार्टी को सबक सिखाने का मौका बताया है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने दिल्लीवासियों को धोखा दिया है और अब समय आ गया है कि जनता उनके अभियान को आइना दिखाए। भाजपा और आम आदमी पार्टी ने सिर्फ वोट की राजनीति की है, जनता की समस्याओं से किसी को कोई लेना-देना नहीं रहा। अब दिल्लीवाले कांग्रेस को वोट देकर असली बदलाव की शुरुआत करें। देवेन्द्र यादव ने अपील की कि लोग वोट करने से पहले दिल्ली में फैले खतरनाक प्रदूषण, बिगड़ती कानून व्यवस्था और चारों ओर फैली गंदगी को ध्यान में रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार को सत्ता में आए आठ महीने हो चुके हैं और पिछले छह महीनों से एमसीडी भी भाजपा के अधीन है, लेकिन दिल्ली की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। भाजपा केवल पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार की नाकामियों पर बात कर जनता को गुमराह कर रही है, जबकि खुद भी असफल रही है।
भाजपा उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन
एमसीडी के 12 वार्डों के उपचुनाव के लिए भाजपा के उम्मीदवारों ने सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसदों, विधायकों, दिल्ली सरकार के मंत्रियों और भाजपा पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि यह चुनाव कोई सरकार बनाने या गिराने का नहीं, बल्कि भाजपा सरकार के दिल्ली बदलो, दिल्ली संवारो संकल्प को सशक्त करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि 12 वार्डों के मतदाता भाजपा के विकास और सेवा कार्यों पर विश्वास जताकर पार्टी प्रत्याशियों को जीत दिलाएंगे। नामांकन दाखिल करने वालों में चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता, चांदनी महल से सुनील शर्मा, शालीमार बाग-बी से अनिता जैन, अशोक विहार से वीना असीजा, विनोद नगर से सरला चौधरी, ग्रेटर कैलाश से अंजुम मंडल, द्वारका-बी से मनीषा सहरावत, दिचाऊं कलां से रेखा रानी, नारायणा से डॉ. चंद्रकांता शिवानी, दक्षिणपुरी से रोहिणी राज, संगम विहार ए से शुभ्रजीत गौतम और मुंडका से जयपाल सिंह दराल शामिल हैं।