हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर नामांकन के पांचवें दिन बृहस्पतिवार को गुड़गांव जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों से 13 उम्मीदवारों ने पर्चे दाखिल किए। इस क्रम में सोहना विधानसभा क्षेत्र से पांच, पटौदी से एक, बादशाहपुर से तीन तथा गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र में चार उम्मीदवारों ने पर्चे भरे।
गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए जिनमें गजे सिंह कबलाना, रनवीर सिंह राठी, कुलदीप जांघू तथा बनवारी लाल सैनी शामिल हैं। इसी प्रकार, पटौदी क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विमला चौधरी ने पटौदी के एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी वीरेंद्र चौधरी के कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया। पटौदी से यह पहला नामांकन है।
हरियाणा चुनाव: चेहरे वही, बस झंडे बदले
सोहना विधानसभा क्षेत्र से सबसे ज्यादा पांच नामांकन दाखिल किए गए। इनमें बहुजन समाज पार्टी के जावेद अहमद, भाजपा के तेजपाल सिंह तंवर तथा रोहतास खटाना, रोहतास लोहटकी तथा हंसीरा बेगम सहित तीन निर्दलीय भी हैं। बादशाहपुर क्षेत्र से तीन नामांकन दाखिल किया गया। जिनमें भाजपा प्रत्याशी नरवीर सिंह तथा दो निर्दलीय राकेश भारद्वाज व ब्रजेश रे शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि गुड़गांव के चारों विधानसभाओं में अब तक कुल 18 नामांकन दाखिल किए गए हैं। इनमें गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र से 8 , बादशाहपुर क्षेत्र से 4, पटौदी से एक तथा सोहना विधानसभा क्षेत्र से 6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।