स्वर्ण विजेताओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन करने का मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में आयोजित 42वीं दिल्ली स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप का तीन दिवसीय आयोजन संपन्न हो गया। दिल्ली के सभी 13 जिलों से करीब 1200 खिलाड़ियों ने सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर और सीनियर वर्गों में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने मुकाबलों में तकनीक, फुर्ती, संतुलन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। कम उम्र के खिलाड़ियों के मुकाबले खास आकर्षण रहे।
दिल्ली ताइक्वांडो एसोसिएशन (डीटीए) की महासचिव हर्षा प्रिया सिंह ने बताया कि विभिन्न भार वर्गों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। समापन समारोह में सेवानिवृत्त अतिरिक्त आयकर आयुक्त उमेश कुमार और साई के पूर्व उप महानिदेशक एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी सत्यजीत संकृत ने विजेताओं को पदक व प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस दौरान दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन की अध्यक्ष सरोज शर्मा, डीटीए अध्यक्ष एवं डीओए सीईओ कुलदीप वत्स समेत अन्य लोग मौजूद रहे।