बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित सुपरटेक ईको विलेज-1 सोसायटी के बंद फ्लैट से चार लाख के हीरों का हार समेत 12 लाख की चोरी का मामला सामने आया है। दंपती के शहर से बाहर जाने के दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बुधवार रात जब फ्लैट निवासी महिला अपने घर लौटी तो उसे वारदात का पता चला। बृहस्पतिवार को फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट उठाए हैं। वहीं सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदेहास्पद लोगों की तस्वीरें कैद होने की बात सामने आई है।
ईको विलेज-1 सोसायटी निवासी प्रियंका पति विवेक के साथ रहती हैं। प्रियंका एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। तीन दिन पहले विवेक किसी जरूरी काम से शहर बाहर गए थे और प्रियंका अपने भाई के घर नोएडा में थीं। बुधवार रात जब प्रियंका अपने फ्लैट में पहुंची तो वारदात का पता चला और सूचना पुलिस को दी गई। बंद फ्लैट से करीब चार लाख का डायमंड नेकलेस, सोने के आभूषण, नकदी, कैमरा, लैपटॉप, घड़ी और 25 हजार रुपये कैश सहित करीब 12 लाख की चोरी होने की बात सामने आई है।
आशंका व्यक्त की गई है कि पड़ोस के कर्मचारी कक्ष का प्रयोग कर चोर फ्लैट में दाखिल हुए थे। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदेहास्पद लोगों के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है।