आयुष्मान योजना में 7 लाख पंजीकरण, 30 हजार से ज्यादा मरीजों को लाभ
7,000 स्मार्ट क्लासरूम, खेल महाकुंभ में 25 हजार खिलाड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बड़े फैसले लिए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि इस साल के अंत तक 1100 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू होंगे, ताकि लोगों को नजदीक ही प्राथमिक इलाज मिल सके और बड़े अस्पतालों पर दबाव कम हो।
मुख्यमंत्री ने बताया कि एक साल में 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए हैं। यहां जच्चा-बच्चा सेवाएं, जरूरी जांच और करीब 80 तरह की सामान्य बीमारियों का इलाज उपलब्ध है। पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना लागू की गई, जिसके तहत 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर मिल रहा है। अब तक करीब 7 लाख लोग पंजीकृत हुए और 30 हजार से अधिक लाभार्थियों को आयुष्मान व वय वंदना योजना का फायदा मिला। जीबी पंत अस्तपाल में अत्याधुनिक सीटी स्कैनर, न्यूरो आईसीयू और कैथ लैब शुरू हुई। 150 नई डायलिसिस मशीनें लगाई गईं और 53 नई एम्बुलेंस सेवा में आईं। एलएनजेपी अस्पताल में मेडिकल जेनेटिक्स वार्ड और एनएटी लैब शुरू की गई। हेल्थ इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (एचआईएमएस) लागू कर मरीजों का डिजिटल रिकॉर्ड बनाया गया है।
भूख और फीस दोनों पर नियंत्रण
सीएम ने कहा, भूख से राहत के लिए 71 अटल कैंटीनों में रोज करीब 70 हजार लोगों को 5 रुपये में भोजन मिल रहा है। शिक्षा क्षेत्र में फीस रेगुलेशन एक्ट लागू कर निजी स्कूलों की मनमानी पर रोक लगाई गई है। 7,000 से अधिक स्मार्ट क्लासरूम पर काम चल रहा है और 75 सीएम श्री स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। नींव, साइंस ऑफ लिविंग और राष्ट्रनीति जैसे नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली खेल के क्षेत्र में भी बेहतर कर रही है। दिल्ली खेल महाकुंभ में 25 हजार से ज्यादा खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। ओलंपिक स्वर्ण विजेताओं को 7 करोड़, रजत को 5 करोड़ और कांस्य को 3 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। नरेला में 1360 करोड़ रुपये की एजुकेशन सिटी और घेवरा में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है। ई-विधानसभा और सीएम जनसुनवाई पोर्टल के जरिए वे सीधे लोगों से जुड रही हैं। इससे समस्याएं तेजी से सुलझेंगी।