सेक्टर-5 स्थित बांस बल्ली मार्केट में सोमवार सुबह 11 हजार वोल्टेज का तार टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे से नाराज लोगों ने हंगामा किया। इसके बाद बिजली विभाग ने मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये का मुआवजा और अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपये दिए।
जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी नीरज (20) पुत्र नरेश ठाकुर सेक्टर-5 स्थित झुग्गी में अपने बडे़ भाई सुनील के साथ रहता था। वह सेक्टर-5 में ही एक कारपेंटर की दुकान पर काम करता था।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे नीरज दुकान के बगल में ही चाय पीने के लिए गया था। तभी अचानक बिजली की लाइन का तार टूटकर वहां बैठे लोगों के ऊपर आ गिरा। उसके करंट की चपेट में नीरज, मुकेश और जोखन आ गए। चीख-पुकार और हंगामा शुरू हो गया। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों की हालत नाजुक होते देखे दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पाकर सपा प्रत्याशी अशोक चौहान ने हंगामा कर रहे लोगों को समझाया और सिटी मजिस्ट्रेट बच्चू सिंह से बात की।
उन्होंने बिजली विभाग की तरफ से मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये का चेक दिया। साथ ही नीरज के अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपये नगद दिलवाया। अशोक ने बताया कि परिवार की आर्थिक मदद के लिए मुख्यमंत्री से भी बात की जाएगी। विधायक विमला बाथम और सांसद प्रतिनिधि संजय बाली ने भी मृतक के परिजन से मुलाकात की।