दिल्ली सरकार ने एनसीआर और राजधानीवासियों को मेट्रो फेज चार का तोहफा दिया है। दिल्ली कैबिनेट ने शुक्रवार को इस परियोजना को मंजूरी दे दी है।
इसके पूरा होने से मेट्रो का दायरा 104 किमी बढ़ जाएगा। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के मुताबिक, केंद्र सरकार की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इसे तैयार करने में छह साल लगेंगे। इस फेज पर करीब पचास हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इससे पहले अगस्त महीने में केंद्र सरकार ने चौथे फेज के प्रस्ताव को वापस लौटा दिया था। केंद्र का कहना था कि सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद भी प्रोजेक्ट को दिल्ली कैबिनेट की मंजूरी नहीं मिली थी। इससे फंडिग में दिक्कत आ रही थी। अब केंद्र सरकार नये सिरे से प्रस्ताव को पब्लिक इन्वेस्टमेंट बोर्ड को भेजेगा। वहीं, केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय दूसरी अन्य औपचारिकताएं भी पूरी करेगा।
मंत्रालय अधिकारी बताते हैं कि इसे पूरा करने में एक साल का वक्त लगेगा। दूसरी तरफ मनीष सिसोदिया ने बताया कि फेज चार की योजना भविष्य की जरूरतों के हिसाब से बनाई गई है। इसे उन इलाकों से गुजारा जाएगा, जहां आने वाले वक्त में मुसाफिरों का दबाव बढ़ेगा। केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इसे 72 महीने में तैयार करना है। डीएमआरसी हर महीने कैबिनेट को प्रगति रिपोर्ट देगी। इसके तैयार होने के बाद मेट्रो के करीब 8.50 लाख पैसेंजर बढ़ेंगे।
लंदन मेट्रो से लंबी हो जाएगी दिल्ली मेट्रो
दिल्ली मेट्रो
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, नई दिल्ली
फेज चार बनने के बाद दिल्ली मेट्रो अपना पहला रिंग तैयार कर लेगी। मुकुंदपुर से मौजपुर का 12.54 किमी लंबा कॉरीडोर पिंक लाइन को आपस में जोड़ देगा। मजलिस पार्क से शिव विहार के बीच निर्माणाधीन करीब 58 किमी लंबी पिंक लाइन का 90 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो गया है।
इस फैसले से दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) के खाते में एक उपलब्धि जुड़ गई है। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क लंदन मेट्रो के 425 किलोमीटर नेटवर्क से आगे निकल जाएगा। दिल्ली मेट्रो का दायरा 450 किमी से भी ज्यादा होगा। फिलहाल 213 किमी के नेटवर्क पर मेट्रो दौड़ रही है। वहीं, तीसरे फेज का 137 किमी हिस्सा निर्माणधीन है।
79 नये मेट्रो स्टेशन बनेंगे
चौथे फेज में 79 नये स्टेशन बनेंगे। इसमें करीब 37 किमी अंडरग्राउंड व 66.92 किमी एलिवेटेड होगा। वहीं, यह फेज चार नई लाइनों के साथ दो लाइन को विस्तार भी देगा।
इन इलाकों में पहुंचेगी मेट्रो
-रिठाला-बवाना से नरेला (21.73 किलोमीटर)
-जनकपुरी वेस्ट से आरके पुरम (28.92 किलोमीटर)
-मुकुंदपुर से मौजपुर 12.54 किमी
-इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ (12.58 किलोमीटर)
-एयरोसिटी से तुगलकाबाद (20.20 किलोमीटर)
-लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक (7.95 किमी)