कोरोना संकट में भी कुछ लोग धुएं का छल्ला व शराब की महफिल सजाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे ही मनबढ़ लोगों के खिलाफ नॉर्थ रोहिणी जिले की स्पेशल टीम ने तीन हुक्का बार पर छापेमारी कर 103 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में होटल के मालिक और प्रबंधक भी शामिल हैं।
बार में मौजूद लोगों ने सोशल डिस्टेसिंग के अलावा सरकारी आदेशों के नियमों की धज्जियां भी उड़ा रखी थी। पुलिस ने तीनों हुक्का बार के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किया है। आरोपियों में से केवल पांच लोग बार से जुडे हैं, बाकी सभी युवा मौज-मस्ती करने के लिए आए थे। पुलिस ने मौके से 41 हुक्के, 17 बीयर की बोतल और अन्य सामान जब्त किए हैं।
डीसीपी (रोहिणी) पीक के मिश्रा ने बताया कि स्पेशल स्टाफ को सोमवार रात गुप्त सूचना मिली कि सेक्टर-आठ में हुक्का बार चल रहे हैं। सूचना मिलते ही एसीपी ब्रह्मजीत सिंह की देखरेख में एक टीम का गठन किया गया। टीम में इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहें। टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी की।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी करने पर एक साथ तीन हुक्का बार चल रहे थे। पुलिस टीम को देखकर सभी लोग इधर-उधर भागने लगे। लेकिन पुलिस ने सभी पर काबू पा लिया। पुलिस ने बताया कि सभी लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया और रोहिणी उत्तरी थाने में इन सभी लोगों सहित होटल मालिक और प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।