Delhi NCR News: शिक्षण संस्थानों के आसपास सिगरेट बेचने वाले 10 पकड़े
स्कूल-कॉलेजों के आसपास बिक रही प्रतिबंधित ई-सिगरेट, क्राइम ब्रांच ने 10 लोगों को पकड़ा
नई दिल्ली। दिल्ली में स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास स्थित पान की दुकानों तक प्रतिबंधित ई-सिगरेट पहुंचाने वाले नेटवर्क के दस लोगों को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा है। इसमें एक थोक विक्रेता, दो वितरक समेत सात खुदरा विक्रेता शामिल हैं। इनके पास से 551 प्रतिबंधित ई-सिगरेट और 1,02,800 सामान्य सिगरेट बरामद हुईं हैं। क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार ने बताया कि आरोपी नेपाल और जयपुर से ई-सिगरेट लाकर दिल्ली में पान की दुकानों तक पहुंचाते थे। आरोपी विद्यार्थियों को भी ये उत्पाद बेच रहे थे। सप्लाई के लिए कूरियर और डिलीवरी करने वालों का इस्तेमाल किया जाता था, जबकि भुगतान नकद में लिया जाता था।
आरोपी सलीम उर्फ राम यादव नेपाल से मंगाई गई ई-सिगरेट को दिल्ली के वितरकों तक पहुंचाता था। सुमित मुकुंदपुर के सोनू और संत नगर के संदीप से माल खरीदकर पान की दुकानों पर सप्लाई करता था। साबी सुमित और जयपुर के गौरव से माल लेकर कूरियर के जरिये अन्य जगहों पर भेजता था। राजकुमार, प्रिंस और हिमांशु सचदेवा भी सप्लाई में शामिल थे। सात दुकानदार विद्यार्थियों समेत ग्राहकों को बेचने के लिए 30 से 50 ई-सिगरेट की खेप खरीदते थे। नकद लेन-देन से कारोबार का रिकॉर्ड छिपाया जाता था। पुलिस ने बताया कि थोक विक्रेता सुमित अग्रवाल उर्फ मिकी के गोदाम से सबसे पहले 484 ई-सिगरेट बरामद हुईं थीं। उसकी निशानदेही पर नौ अन्य लोगों को पकड़ा गया। पुलिस अब नेपाल और जयपुर से जुड़े नेटवर्क के साथ अन्य सप्लायरों की तलाश कर रही है।