आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर एक्सप्रेस रविवार को गाजियाबाद स्टेशन से 10 मिनट पहले ही रवाना कर दी गई। इस पर यात्रियों ने हंगामा कर दिया। ट्रेन रविवार को समय से पहले ही गाजियाबाद पहुंची थी।
सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने मैसेज देकर ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद होम सिग्नल पर 10 मिनट रुकी रही फिर अपने समय पर गई।
आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर 2:35 बजे गाजियाबाद पर पहुंच गई थी। दो मिनट के स्टॉपेज के बाद स्थानीय स्टाफ ने ट्रेन 2:37 बजे मुरादाबाद के लिए रवाना कर दी। ट्रेन चली तो यात्रियों ने शोर मचा दिया।
हंगामे की सूचना पर आरपीएफ स्टाफ मौके पर पहुंचा तो यात्रियों ने टिकट दिखाया। आरोप था कि टिकट पर गाजियाबाद से डबल डेकर के रवाना होने का समय 2:47 बजे है, जबकि ट्रेन को 2:37 बजे ही रवाना कर दी गई।
इसके बाद ट्रेन को सिग्नल कर रुकवा दिया गया। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर से इसकी लिखित शिकायत भी की है।
डीटीएम डीके चोपड़ा ने बताया कि पीआरएस और उन्हें दिया गया संचालन के टाइम में अंतर है। सोमवार को इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता कर समस्या दूर की जाएगी।
रिजर्वेशन काउंटर और स्टेशन मास्टर के टाइम टेबल में अंतर
रिजर्वेशन काउंटर और गाजियाबाद स्टेशन मास्टर के पास डबल डेकर के संचालन का टाइम टेबल अलग-अलग है। स्थानीय अधिकारियों ने टिकट पर अंकित नए टाइम टेबल से अनभिज्ञता जताई। जबकि रेलवे की वेबसाइट पर भी डबल डेकर के गाजियाबाद पहुंचने का टाइम दोपहर 2:45 बजे ही दर्शाया गया है।