सदस्यता अभियान की शुरुआत के पहले पांच दिन में ही दस लाख से ज्यादा लोगों ने आम आदमी पार्टी का हाथ थामा। देश के 300 जिलों से वेबसाइट, मिस कॉल, एसएमएस और पार्टी कैंपों में जाकर लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
ये जानकारी प्रेस वार्ता के दौरान चुनाव समिति के सदस्य गोपाल राय ने मंगलवार को कौशांबी स्थित पार्टी कार्यालय में दी। गोपाल राय ने बताया कि सदस्यता के शुरुआती दिनों में हेल्पलाइन नंबर पर इतने फोन आए कि लाइन में तकनीकी खराबी आ गई। इसे देखते हुए दो और नंबर जारी किए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: बिन्नी फिर हुए बागी, AAP और केजरीवाल पर हमला
07798220033 के अलावा अब 08082807715 और 08082807716 पर भी मिस कॉल कर सदस्यता ली जा सकती है। सदस्यता लेने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात के लोगों की संख्या सबसे अधिक है।
पांच दिन के आंकड़ों के अनुसार वेबसाइट से करीब 4.5 लाख, मिस कॉल से 6.5 लाख, एसएमएस से एक लाख और टेबल कैंप से हजारों लोगों ने सदस्यता ली है। महत्वपूर्ण बात यह है कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पोते आदर्श शास्त्री, पूर्व आईपीएस अधिकारी उदय सहाय, पूर्व आईआरएस जितेंद्र शुक्ला, कॉरपोरेट सेक्टर से आईं रिचा पांडेय मिश्रा और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील संतोष कुमार ने भी पार्टी ज्वाइन की है।
इसे भी पढ़ें: नोएडा सीट बनी 'हॉट', 150 मांग रहे आप से टिकट
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। पार्टी ज्वाइन करने वाले लोगों में दूसरी पार्टियों के लोग भी शामिल हैं। हालांकि उन्होंने इसकी संख्या बताने से इंकार किया।
कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ने आप का दामन थामा
महिला कांग्रेस मोर्चा की जिलाध्यक्ष समेत कई नेताओं ने आप का दामन थाम लिया है। सिंभावली में रतूपुरा रोड स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में मंगलवार को आप पार्टी की बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीना सिंह समेत युवा कांग्रेस के लोकसभा क्षेत्र महासचिव दीपक भाटी, पीस पार्टी के विधानसभा प्रत्याशी रहे डॉ. मुहम्मद आसिफ और अमन ग्रामीण विकास संस्था अध्यक्ष डॉ. मारूफ ने जिला संयोजक मैनपाल सिंह के नेतृत्व में आप का दामन थाम लिया।
आरएमपी डॉक्टर पहुंचे अरविंद से मिलने
मंगलवार सुबह सैकड़ों रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर चिकित्सक रजिस्ट्रेशन कराए जाने की मांग करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे। चिकित्सकों की मांग थी कि उनके रजिस्ट्रेशन कैंसल कर दिए गए थे। उन्हें दोबारा लागू किया जाए।
सीएम के निकलने से पहले वे उनके आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। इसके बाद सीएम ने दिल्ली जाने से पहले उनके प्रतिनिधि दल से ज्ञापन लिया और जल्द से जल्द इसपर विचार करने का आश्वासन दिया।