डांस इंडिया डांस (डीआईडी) सुपर मॉम में डांस का जलवा बिखेर रही दून की जोया खान टाप 8 तक पहुंच चुकी हैं। कदम दर कदम कामयाबी की राह पर बढ़ रही जोया अब सुनहरे भविष्य के सपने संजोने लगी है।
अमर उजाला से बातचीत में दून के हरिपुर नवादा की रहने वाली जोया ने बताया कि अगर उन्होंने डीआईडी सुपर मॉम का खिताब जीता तो वह सबसे पहले अपने लिए पक्का मकान बनवाएंगी। अभी उनका परिवार एक टिन की झोपड़ी में रह रहा है। जोया का दूसरा लक्ष्य अपने चार बच्चों का इंश्योरेंस कराना है। हालांकि, इसके लिए उन्हें तगड़े कंपटीशन का सामना करना होगा।
जोया कहती हैं, ‘अब कंपटीशन काफी मुश्किल है, क्योंकि मैंने कभी डांस नहीं सीखा।’ जोया ने बताया कि उनके टॉप 8 में पहुंचने वाला एपिसोड शनिवार और रविवार को प्रसारित किया जाएगा।
अमन और मंजू का शुक्रिया
जोया ने बताया कि उन्हें डांस का शौक तो बचपन से था, लेकिन पैसे की कमी के चलते कदम नहीं बढ़ा सकी। डीआईडी सुपर मॉम में मौका मिला तो सपना पूरा होने की उम्मीद जगी। जोया गांव के अमन ठाकुर का शुक्रिया अदा करते हुए कहती हैं कि अमन ने ही उन्हें मुंबई तक जाने का पूरा खर्चा मुहैया कराया।
बताया कि अमन मदद न करते तो कंपटीशन में जाना नामुमकिन था। जोया ने बताया कि दून की रहने वाली डांस टीचर मंजू ने उन्हें एक गाने पर फ्री में डांस सिखाया। जोया बताती हैं कि शुरुआती राउंड में उन्होंने इसी गाने पर डांस किया और आगे पहुंचीं।
अनाथ आश्रम में थी विद्या
जोया का असली नाम विद्या थापा है। जोया की बड़ी बहन ने अमीर अहमद से प्रेम विवाह किया, लेकिन तीन बच्चों के जन्म के बाद वह किसी और के साथ चली गई। विद्या के जीजा अमीर अहमद की शादी किसी और से होने लगी तो उसने खुद ही अमीर से शादी कर ली। उसका कहना था कि अमीर की शादी किसी और से हो जाती तो उसकी बहन के बच्चों को प्यार नहीं मिल पाता।
माता-पिता के निधन के बाद तिलक रोड स्थित एक अनाथ आश्रम में रह रही विद्या को अमीर शादी कर साथ ले गया और जोया नाम दिया। अमीर अपने साथ जोया की दो छोटी बहनों को भी ले गया और उनकी देखरेख का भी जिम्मा लिया। अमीर ने बताया कि उनके घर पर होली, दीवाली, रक्षाबंधन और ईद सभी त्योहार मनाए जाते हैं।
आगे बढ़ा रहा पति का साथ
जोया ने बताया कि पति का साथ ना होता तो उनका आगे बढ़ना मुश्किल था। वह रोज 18 से 20 घंटे प्रैक्टिस करती हैं। इसके बाद रात को दो से तीन बजे कमरे में पहुंचती हैं और पैरों में दर्द के मारे रोने लगती हैं तो पति उन्हें आगे बढ़ने के लिए मोटिवेट करते हैं। जोया ने बताया कि अमीर रातभर उनके पैरों की मसाज करते हैं, ताकि वह अगले दिन मंच पर खड़ी हो सके।
खबर पर अपनी राय देने के लिए यहां क्लिक करें