देहरादून। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांधीग्राम कांवली रोड पर शुक्रवार रात एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। चाकू पेट में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चाकू मारने के आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।
पुलिस के अनुसार, गांधीग्राम क्षेत्र में कांवली रोड पर किसी बात पर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान एक युवक ने दूसरे के पेट में चाकू मार दिया। हमले में युवक घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। शहर कोतवाली प्रभारी कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर घटना के कारणों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस घायल युवक के बयान और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। बताया जा रहा है दोनों युवकों के बीच पीने-खाने के दौरान किसी बात को लेके विवाद हुआ था इसी दौरान एक युवक को चाकू लगा।