देहरादून। युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। यह कहना है महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या का। उन्होंने यह बात मेरा युवा भारत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। मंत्री ने कहा, वंदे मातरम् जैसे आयोजन युवाओं को अपनी संस्कृति और देश के प्रति जिम्मेदारियों से जोड़ने के साथ एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करते हैं।
मंत्री ने कहा, युवाओं की ऊर्जा और उनकी प्रतिभा देश को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति जानने का अवसर मिलेगा। वहीं, विकसित भारत-2047 के संकल्प में युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। कार्यक्रम में राज्य निदेशक राहुल डबराल, राज्य नोडल अधिकारी सुनैना रावत, उपनिदेशक अविनाश सिंह, सहायक निदेशक बृजेश कौशिक सहित विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।