हाथीबड़कला क्षेत्र स्थित एक मकान में संदिग्ध हालात में एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका शव कमरे में फर्श पर पड़ा था। बताया जा रहा है कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके की वीडियो और फोटोग्राफी कराई गई है।
डालनवाला पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी। फोन करने वाले ने बताया था कि उसके हाथीबड़कला स्थित मकान में उनके चाचा ससुर का बेटा बंद कमरे में फर्श में गिरा पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। बल्लूपुर के रहने वाले कॉलर ने बताया कि उनका हाथीबड़कला में अपना मकान है। वहां दो किराएदार और उनके चाचा ससुर का बेटा दीपक पंत (38) पुत्र भोला दत्त पंत अगस्त 2022 से एक कमरे में रह रहा था। रविवार को उसे कई बार फोन किया लेकिन उसने नहीं उठाया। किरायेदार से बात की तो उसने खिड़की से देखा। अंदर दीपक फर्श पर पेट के बल पड़ा था। दरवाजे की कुंडी अंदर से लगी थी। दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो दीपक मृत अवस्था में था। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से कुछ दवाएं और मेडिकल के कागज और मोबाइल बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।