अल्मोड़ा के विकासखंड भैसियाछाना के चनोली (बाड़ेछीना) गांव में सोमवार सुबह एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके प पहुंचे। युवक का सिर और बायां हाथ क्षत-विक्षत होने से युवक की काफी देर तक पहचान नहीं हो सकी।
हालांकि राजस्व पुलिस ने मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर युवक की पहचान शंकर राम पुत्र त्रिलोक राम निवासी लमउडियार चनोली के रूप में की। जंगली जानवर के हमले में मारे की जाने की आशंका के बाद वन विभाग ने परिजनों को फौरी तौर पर दस हजार रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की है।
सोमवार सुबह चनोली गांव के बच्चों ने सुबह स्कूल जाते समय रास्ते में झाड़ियों की बीच एक क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा। सूचना पर पहुंची राजस्व पुलिस को मृतक की जेब से पहचान पत्र मिला। युवक की पहचान शंकर राम पुत्र त्रिलोक राम (35) के रूप में हुई। ग्राम प्रधान रमेश चंद्र आर्या ने बताया कि युवक शंकर राम अल्मोड़ा में किसी दुकान में बिजली फिटिंग का काम करता था।
घर पर युवक के वृद्ध माता-पिता के अलावा पत्नी और तीन बच्चे 13 वर्षीय सीमा, 10 वर्षीय निशा और सात वर्षीय योगेश रहते हैं। अंदेशा जताया कि देर रात्र घर लौटते समय तेंदुआ ने युवक को अपना निवाला बना लिया होगा। युवक की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है।
इधर राजस्व उपनिरीक्षक बाड़ेछीना पूनम राज ने बताया कि शुरुआती जांच में लग रहा कि मृतक तेंदुए के हमले का शिकार हुआ है। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता लग सकेगा। राजस्व विभाग की टीम में पटवारी चिराला बलवंत नाथ, पटवारी पल्यूं राजेश आर्या, हरीश भट्ट, हरीश राम आदि शामिल थे। जानकारी मिलने पर घटना स्थल पर पहुंची वन विभाग की टीम ने प्रारंभिक जांच के बाद विभाग की ओर से 10 हजार रुपये की सहायता राशि परिजनों को दी।