आने वाले विधानसभा चुनाव में खांटी और वरिष्ठ राजनेता ही टिकट की दौड़ में शामिल नहीं हैं, बल्कि राजनीतिक दलों के कई नौजवान भी इस बार चुनाव में ताल ठोकने की तैयारी कर रहे हैं। कांग्रेस और भाजपा में तो ऐसे कई युवाओं ने टिकट मिलने से पहले ही इलेक्शन की तैयारी कर दी है।
कांग्रेस का अग्रिम संगठन युवा कांग्रेस तो विधानसभा चुनाव में आधा दर्जन टिकट की दावेदारी कर रहा है। संगठन ने ये मांग कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व के सामने भी कई उठाई है। टिकट की दौड़ में शामिल कई नेताओं के नाम इन दिनों खूब चर्चाओं में हैं।
संगठन में युवाओं के टिकट की वकालत कर रहे युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी कहते हैं,‘संगठन उन युवाओं की पैरवी कर रहा है जिनका वास्तव में जनाधार है और जो लंबे समय से अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं।’
बहरहाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने 70 विधानसभा सीटों के लिए जो आवेदन मांगे हैं, उनमें पार्टी के युवा नेताओं ने बड़ी संख्या में दावा किया है। लेकिन संगठन से जुड़े सूत्रों की मानें तो बड़ी संख्या में आवेदन के बावजूद गंभीर दावेदारों की संख्या एक दर्जन से अधिक नहीं है। इनमें कुछ नाम उन युवा नेताओं के हैं जिन्हें पार्टी ने पिछले चुनाव में उम्मीदवार बनाया था।
प्रदेश कांग्रेस में टिकट के एक दर्जन युवा दावेदार
प्रकाश जोशी
- फोटो : AmarUjala
सबसे चर्चित नामों में एक नाम एआईसीसी के सचिव प्रकाश जोशी हैं। जोशी कालाढुंगी विधानसभा क्षेत्र से तैयारी कर रहे हैं। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी स्वयं टिकट की दौड़ में हैं। वह खटीमा विधानसभा सीट से टिकट की जुगत में हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी इस सीट से टिकट की दौड़ में थे।
उनके अलावा लैंसडौन विस क्षेत्र से युकां की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति रौतेला एक बार फिर टिकट की दौड़ में शामिल हैं। वह इस सीट पर पिछला चुनाव हार गई थी। युवा कांग्रेस के हरिद्वार लोकसभा अध्यक्ष राम विशाल देव बीएचईएल रानीपुर विस सीट से टिकट चाहते हैं। संगठन के प्रदेश महासचिव सुमन तिवारी केदारनाथ विस सीट से चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इस सीट पर पार्टी के कई और युवा नेताओं ने आवेदन किया है।
देहरादून की कैंट विधानसभा सीट पर प्रदेश कांग्रेस के कई युवा नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इनमें युकां के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव संग्राम सिंह पुंडीर, जसविंद सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता दीप बोहरा के नाम शामिल हैं।
दिग्गज नेताओं की अगली पीढ़ी भी है तैयार
इंदिरा हृदयेश और मुख्यमंत्री हरीश रावत के अपने भी लाइन में
- फोटो : file photo
इन सभी नेताओं ने टिकट का दावा ठोक दिया है। इनके अलावा पिछला चुनाव लड़े राजपाल खरोला ऋषिकेश से फिर ताल ठोकने की पूरी तैयारी में हैं। हरिद्वार ग्रामीण सीट पर लंबे समय से सक्रिय अनुपमा रावत ने टिकट का दावा ठोक दिया है। अनुपमा मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्री हैं।
इन सभी नामों के अलावा मुख्यमंत्री के पुत्र आनंद रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश के पुत्र सुमित हृदयेश और कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य के पुत्र संजीव आर्य के भी विस चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं।
हालांकि तीनों ही युवा नेताओं ने अब तक खुलकर दावेदारी करने से परहेज किया है। इनके अलावा जसपुरसे वरुण चौधरी, बागेश्वर से प्रवीण कुमार, किच्छा से सौरभ सिलाना का नाम भी टिकट के दावेदारों में शामिल माना जा रहा है।