सहारनपुर निवासी दो बहनों को शादी का झांसा देकर दो युवक अपनी पहचान छिपाकर उनका यौन उत्पीड़न करते रहे। असलियत उजागर होने पर जब दोनों बहनों ने उनसे किनारा करने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दे डाली। रविवार को इसका खुलासा तब हुआ जब आरोपी एक युवती को जबरन अपनी कार में बिठा रहा था।
इसी दौरान आरोपी को हिंदू संगठन के नेताओं ने दबोच लिया और उसकी धुनाई कर पुलिस को सौंप दिया। बड़ी बहन ने शिवदासपुर तेल्लीवाला (पिरान कलियर) निवासी आरोपियों के खिलाफ दुराचार, अपहरण के प्रयास समेत प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
कनखल क्षेत्र के सिंहद्वार चौक के पास रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कारसवार एक युवक दो युवतियों को जबरन कार में बैठाने की कोशिश कर रहा था। युवतियां लगातार विरोध कर रही थी। शोर सुनकर मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। इसी दौरान हिंदू संगठन के नेता अनुज वालिया, अमरदीप, सौरभ, नवीन, दीपक कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जानकारी ली तो युवतियों ने उन्हें पूरा वाकया बताया।
इस पर उन्होंने युवक को पकड़ लिया और धुनाई कर दी। सूचना पर कनखल पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों बहनों के साथ युवक को थाने लेकर पहुंची। थाने में युवतियों ने बताया कि वे मूल रूप से सहारनपुर जिले के एक गांव की रहनेवाली हैं। वे सिडकुल की एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत हैं। सीतापुर ज्वालापुर में वह किराये के एक मकान में रहती हैं। कुछ माह पूर्व सिडकुल में एक युवक से बड़ी बहन की जान पहचान हो गई थी।
युवक ने अपना नाम अमन और खुद को लेबर ठेकेदार बताया। भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी बड़ी कंपनी में लगवा देगा। धीरे-धीरे युवक ने नजदीकी बढ़ाकर शादी का झांसा दिया और शारीरिक संबंध बना लिए। युवक ने अपने एक दोस्त अंकित से उसकी छोटी बहन की शादी करने की बात कहकर मुलाकात कराई। उसके बाद उसने भी उसकी छोटी बहन का यौन उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। कुछ दिन बाद उन्हें पता चला कि दोनों युवक पहले से शादीशुदा और मुस्लिम हैं। बदनामी के डर से उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया और उनसे दूरी बना ली।
इस पर आरोपी उन्हें धमकियां देने लगे। उनकी अश्लील वीडियो अपने पास होने की बात बताकर उसे सार्वजनिक करने की धमकी देकर उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। रविवार को उन्होंने सिंहद्वार पुल के पास वीडियो लेने के लिए युवक को बुलाया था, लेकिन वह जबरन कार में बैठाकर ले जाने लगा। थानाध्यक्ष कनखल नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि एक आरोपी शहनवाज पुत्र यामीन निवासी शिवदासपुर तेल्लीवाला पिरान कलियर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथी वाजिद अली की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया गया कि आरोपी भी सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। अभी तक उसके पास से कोई अश्लील वीडियो नहीं मिला है।