रुद्रपुर में गश्त कर रहे तीन पुलिस कर्मियों पर चार बदमाश भारी पड़ गए। चेकिंग के लिए रोकने पर इन बदमाशों ने पुलिस कर्मियों पर हमला बोल दिया।
वर्दीधारी पुलिस कर्मियों को जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। हमलावर पुलिस कर्मियों की बाइक भी लूट ले गए। आनन-फानन में कोतवाली से फोर्स मौके पर भेजी गई, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने चार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
वाकया उत्तराखंड के काशीपुर रोड का है। आदर्श कॉलोनी चौकी के सिपाही आनंद त्रिपाठी, जगदीश सिंह और कृष्णा नेगी शुक्रवार देर शाम काशीपुर रोड पर गश्त कर रहे थे। बताया गया है कि तेल मिल तिराहे के पास डिबडिबा (यूपी) की ओर से दो बाइकों पर सवार चार लोगों को चेकिंग के लिए रोका तो वे पुलिस कर्मियों से उलझ गए।
बात बढ़ने पर चारों ने पुलिस कर्मियों पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला बोल दिया। हमलावरों को भारी पड़ता देख पुलिस कर्मियों को मौके से भागना पड़ा। पुलिस कर्मियों की बाइक संख्या यूके 06-5347 को भी हमलावर लूटकर ले गए।
हमले में तीनों पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं जिनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। हमले की सूचना पर कोतवाल जेसी पाठक फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने सन्नी निवासी सुभाष नगर डिबडिबा और कीरतपुर निवासी मुन्नू सहित दो अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। हमलावरों की तलाश में शनिवार को भी पुलिस ने हमलावरों के घरों और अन्य स्थानों पर दबिशें दी लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
चोरी में जेल जा चुका है एक हमलावर
कोतवाली पुलिस के मुताबिक हमलावरों में एक सन्नी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस उसके अन्य साथियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।