शीशमबाड़ा स्थित प्लांट के विरोध में अनशन पर बैठे सतपाल और ग्रामीण।
- फोटो : VIKAS NAGAR
सेलाकुई। शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के विरोध में आमरण अनशन पर बैठे युवक सतपाल का स्वास्थ्य बृहस्पतिवार को बिगड़ा गया। वजन के साथ ही उसके ब्लड प्रेशर और शरीर में पानी की मात्रा में कमी की बात सामने आई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर युवक के स्वास्थ्य की जांच की। वहीं बृहस्पतिवार को भी युवक के समर्थन में बड़ी संख्या में लोगों ने प्लांट के गेट के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
बता दें, शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग पर सतपाल (43) बीते पांच दिन से आमरण अनशन पर बैठे हैं। अनशनस्थल पर मौजूद लोगों का आरोप है कि प्लांट से उठने वाली दुर्गंध के कारण लोगों का घरों में रहना बेहाल हो गया है। बड़ी संख्या में लोग बीमार हो रहे हैं। पूर्व में प्लांट के निरीक्षण पर पहुंचे मेयर सुनील उनियाल गामा ने दुर्गंध न हटने पर कंपनी का टेंडर निरस्त करने की बात कही थी, लेकिन इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। यदि सरकार प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट कर यहां पर पार्क नहीं खोलती तो क्षेत्र की समस्त जनता को सड़क पर उतरना पड़ेगा। इसके अलावा जिला प्रशासन और नगर निगम का कोई भी अधिकारी सतपाल की मांग पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। प्रदर्शन में राधा, लक्ष्मी कठैत, वंदना गुप्ता, ज्योति देवी, शिवा नेगी, दीपा जोशी, ममता त्यागी, आशा देवी, सरिता चौहान, आशा चौहान, विनीता भंडारी, सपना शर्मा, उमा पंवार, सुमाली बिष्ट, ज्योति गुसाईं, ममता रावत, सरिता रावत, कांती रावत, सरिता रावत, भगनी देवी, विमला देवी रौथाण, रविंद्र भट्ट, वेदन प्रकाश, मिट्ठन लाल आदि शामिल रहे।