डैमपार के एक गांव में हर-हर गंगे बोलते हुए एक युवक ने 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर से छलांग लगा दी। मुंह के बल टावर के पास खेत में गिरने से युवक की मौत हो गई।
मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। परिजनों के समझाने पर उतर तो आया, लेकिन फिर गांव के ही दूसरे टावर पर जा चढ़ा। एसडीएम और पुलिस जब तक वहां पहुंचकर कुछ करते कि युवक ने टावर से छलांग लगा दी।
पुलिस घायल युवक को अपने वाहन में लादकर अस्पताल के लिए दौड़ पड़ी। रास्ते में 108 वाहन मिलने पर उसे सौंप दिया। 108 अस्पताल पहुंची तो चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
शनिवार को नानकसागर पार बसे ग्राम ऐचता निवासी जगदीश सिंह राणा (28) पुत्र बलवंत सिंह राणा सुबह करीब 7:30 बजे घर के आहते में लगे वोडाफोन के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। परिजनों के समझाने के बाद इस टावर से नीचे उतर आया। डेढ़ घंटे बाद करीब 9 बजे वह परिजनों को चकमा देकर घर के पास ही खड़े आइडिया के करीब 120 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ा।