खनन सामग्री से लदे वाहन की चपेट में आकर एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर ट्रक सीज कर दिया है।
मंगलवार दोपहर गूलरघाटी सौंग नदी से तेज रफ्तार ट्रक खनन सामग्री लेकर मियांवाला की ओर आ रहा था। तभी मियांवाला स्थित शनिदेव मंदिर के समीप विपरीत दिशा से आ रही बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से बाइक पर सवार युवक गंभीर घायल हो गया।
सूचना पर लक्ष्मणसिद्ध चौकी पुलिस ने घायल को दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने युवक की शिनाख्त मुनेंद्र्र सिंह (25) पुत्र महेश्वर सिंह हाल निवासी पीलीकोठी, मियांवाला और मूल निवासी ग्राम जोराट, जिला हरदोई (यूपी) के रूप में कराई। बताया कि मुनेंद्र मियांवाला में एक दुकान में काम करता था और अविवाहित था।
तेज रफ्तार ने ली जान
पुलिस के मुताबिक मुनेंद्र ने हेलमेट नहीं पहना था। यदि दुघर्टना के वक्त हेलमेट होता तो जान बच सकती थी। सिर पर गंभीर चोट नहीं आती। परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।