15 फरवरी को जब आप अपना कीमती वोट डालने जाएं तो उससे पहले अपने नेता का पूरा प्रोफाइल अपने मोबाइल पर देख लें। जिला निर्वाचन की ओर से लांच किए गए देहरादून वोट्स मोबाइल ऐप पर प्रत्याशियों की पूरी जानकारी अपडेट कर दी गई है। इसमें प्रत्याशी के मोबाइल नंबर से लेकर एजूकेशन और उसकी पूरी संपत्ति का ब्यौरा उपलब्ध है।
देहरादून वोट्स ऐप में चकराता, विकासनगर, सहसपुर, धर्मपुर, रायपुर, राजपुर रोड, देहरादून कैंट, मसूरी, डोईवाला और ऋषिकेश के सभी प्रत्याशियों का पूरा डाटा उपलब्ध है। मोबाइल ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड करें। प्ले स्टोर में यह ‘Dehradun Votes’ के नाम से उपलब्ध होगा।
ऐप खोलने के बाद इसमें सर्च वोटर लिस्ट, लोकेट पोलिंग स्टेशन, टोल फ्री हेल्पलाइन, कैंडिडेट्स प्रोफाइल सहित कई विकल्प आएंगे। इसमें आप अपने नाम से अपनी वोटर लिस्ट निकाल सकते हैं। इसके बाद कैंडिडेट्स प्रोफाइल पर क्लिक करेंगे तो अलग-अलग विधानसभाओं के नाम आएंगे। अपनी विधानसभा का चयन करें।
इसके बाद सभी प्रत्याशियों के नाम आएंगे। अपने प्रत्याशी के नाम पर क्लिक करें। इसके बाद प्रत्याशी का नाम, पिता का नाम, पता, मोबाइल नंबर, उम्र, पेशा, साक्षरता और संपत्ति का पूरा ब्यौरा आपकी मोबाइल स्क्रीन पर आ जाएगा।