एक किलो कूड़ा आपको फ्री में मोबाइल दिला सकता है। इसके लिए आपको बस थोड़ी से जहमत उठानी पड़ेगी। लेकिन इसके बाद आपको महंगा स्मार्ट फोन बिल्कुल फ्री में मिल सकता है।
इसके लिए आपको अपने घर का कूड़ा कूड़ेदान में ही डालना होगा। पालिका कर्मचारी सभी नौ वार्डों में आपके द्वारा लाए गए कूड़े को तोलकर आपको कूपन देंगे। हफ्तेभर बाद कूपनों के लक्की ड्रा के माध्यम से विजेता घोषित कर पुरस्कार स्वरूप मोबाइल दिया जाएगा।
डीएम डा. आशीष कुमार ने परियोजना प्रबंधक स्वजल व स्थानीय निकाय सहायक अधिकारियों को योजना को अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को घरों से कूड़ेदान तक कूड़ा लाने के लिए मोबाइल लक्की ड्रा प्रतियोगिता कराएं।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही तिलोथ, जोशियाड़ा, लदाड़ी आदि क्षेत्रों के कूड़ा निस्तारण के लिए मशीन लगाई जाएगी, जिसमें 48 घंटे के भीतर गीला कूड़ा खाद में बदल जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गंगोत्री को भी क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण के लिए वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के आदेश दिए।
उन्होंने परियोजना प्रबंधक स्वजल, अधिशासी अधिकारी पालिका को निर्देश दिए कि गंगोत्री, उत्तरकाशी, चिन्यालीसौड़ आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर लोगों को कूड़ा निस्तारण की जानकारी दी जाए। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनीत कुमार, अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, परियोजना प्रबंधक स्वजल राकेश जखमोला, ईओ सुशील कुमार आदि उपस्थित थे।