हादसा यमुनोत्री हाईवे पर डामटा से करीब 5 किमी दूर रिखाऊं खड्ड क्षेत्र में हुआ। बस हरिद्वार से यमुनोत्री धाम के लिए चली थी। दुर्घटना की सूचना पर बड़कोट और पुरोला पुलिस के साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ टीम पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुरोला थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि सात घायलों को निकाला गया जिसमें तीन महिलाएं थीं। उन्हें उपचार के लिए सीएचसी नौगांव में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चार घायलों का इलाज चल रहा है। गहरी खाई व अंधेरा होने से शवों को सड़क तक लाने में दिक्कत आ रही है। हादसा इतना भयावह था कि बस के परखच्चे उड़ गए। मौके पर एसडीएम बड़कोट शालिनी नेगी, सीओ सुरेंद्र भंडारी मौजूद हैं।
उत्तराखंड में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मैं अपनी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन मौके पर हरसंभव सहायता में जुटा है। - नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
उत्तरकाशी के पुरोला में डामटा के पास यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुर्भाग्यपूर्ण समाचार मिला। जिला प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है। अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनों को यह कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करे। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। - पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार
उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की बस के खाई में गिरने की सूचना अत्यंत दुखद है। इस पर मैंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की है। स्थानीय प्रशासन व एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। एनडीआरएफ भी जल्द पहुंच रही है। - अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री
चारधाम की तीर्थयात्रा पर यमुनोत्री धाम जा रही बस के खाई में गिरने से मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के तीर्थयात्रियों की मृत्यु बेहद दुखद, पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिजनों को गहन दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे। मैं और मेरी टीम उत्तराखंड सरकार व स्थानीय जिला प्रशासन से संपर्क में है। घायलों के इलाज और मृतकों के शव को मध्य प्रदेश लाने की व्यवस्था की जा रही है। - शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश सरकार
हादसे की जानकारी मिलते ही कंट्रोल रूम पहुंचे सीएम
यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के पास हुई सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सचिवालय स्थित आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्घटना, राहत व बचाव कार्यों की जानकारी ली। इसके साथ ही जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।शव निकाले जा चुके हैं। जिनकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है।