यमुनोत्री हाईवे पर अब भूस्खलन जोन ओजरी डाबरकोट यात्रियों की राह नहीं रोक पाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) भूस्खलन जोन में डबल लेन सुरंग बनाने जा रहा है। इसके लिए चारधाम सड़क परियोजना में तीन किलोमीटर सुरंग के एलाइनमेंट की अनुमति मिल गई है। इसके बाद एनएचएआई ने प्रस्तावित सुरंग निर्माण के लिए डीपीआर तैयार करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी डाबरकोट भूस्खलन जोन वर्ष 2017 से नासूर बना हुआ है। सितंबर 2017 में यहां करीब 52 दिन तक यमुनोत्री धाम की यात्रा प्रभावित रही थी। वर्तमान समय में यहां हल्की बारिश में भी मलबा व बोल्डर गिरने से आवाजाही बाधित हो जाती है जिसके चलते तीर्थयात्रियों के साथ स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अब भूस्खलन जोन से निजात के लिए यहां डबल लेन सुरंग निर्माण के प्रयास शुरू हुई है। एनएच के अधिकारियों ने बताया कि सुरंग के सर्वे की कार्रवाई पूरी कर ली गई है जिसके बाद डीपीआर तैयार करने की कार्रवाई की जा रह है। दो-तीन माह में डीपीआर का निरीक्षण करने के बाद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू होगी। सुरंग बनने से भूस्खलन जोन की समस्या खत्म हो जाएगी।