छावनी बाजार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बीते फरवरी माह से एक्स-रे सेवा ठप है। मंगलवार को इलाज के लिए पहुंचे एक गरीब मरीज को जब एक्स-रे के लिए विकासनगर रेफर किया गया और वह आर्थिक तंगी के चलते लोगों से रुपये मांगने लगा, तो स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने अस्पताल पहुंचकर जमकर नाराजगी जताई और जल्द सेवा बहाल न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
फरवरी में पूर्व एक्स-रे टेक्नीशियन के सेवानिवृत्त होने के बाद नए कर्मचारी की तैनाती हुई थी, लेकिन वह महज एक-दो दिन ड्यूटी कर मेडिकल अवकाश पर चला गया। इसके बाद से मरीजों को एक्स-रे के लिए 50 से 100 किमी दूर विकासनगर या देहरादून के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अस्पताल की बदहाली का हाल यह है कि वहां प्रदर्शित सीएमओ का नंबर भी उस अधिकारी का है, जो करीब डेढ़ साल पहले रिटायर हो चुके हैं।
इस घटना के बाद व्यापार मंडल उपाध्यक्ष दिनेश चांदना, पूर्व कैंट सदस्य कमल रावत, अनिल चौहान, अनुभव अरोड़ा, विजय राणा और दिनेश चौहान अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वर्तमान सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा से फोन पर वार्ता कर जनजातीय क्षेत्र की इस गंभीर समस्या से अवगत कराया। सीएमओ ने जल्द वैकल्पिक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।
स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र एक्स-रे सेवा सुचारु नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।